चमोली। दशोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल ने गांव में बढ़ते शराब प्रचलन पर सख्त रुख अपनाते हुए सार्वजनिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पंचायत घर के आंगन में आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी ने की। इस दौरान महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ रही शराबखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
पारित प्रस्ताव के अनुसार, ग्राम पंचायत के अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम, शादी-विवाह या अन्य सामुदायिक आयोजन में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि गांव में शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समय-समय पर गांव में शराब के विरोध में जागरूकता अभियान और रैलियां आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं और ग्रामीणों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।
सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिला मंगल दल के इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि यह कदम ग्राम पंचायत के हित में है और इससे सामाजिक सुधार को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के बाद महिलाओं ने पंचायत घर से टेंटुणा, सैकोट होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकाली और शराब के खिलाफ नारे लगाए। गांव की इस पहल को क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।