उत्तराखंड में गर्मी के मौसम का यू-टर्न, 19-20 मार्च को तेज बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम जानकारी । उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 19 और 20 मार्च को प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। खासतौर पर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 19 मार्च को राज्य के अधिकांश पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई है। वहीं 20 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथोरागढ़ जिलों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। अन्य पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि बदलते मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

इधर, 18 मार्च से Rajasthan में सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के कई राज्यों को प्रभावित करेगा। इसका असर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक देखने को मिलेगा, जहां तेज हवाएं और बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

वहीं हिमाचल प्रदेश में पहले से ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का असर दिखाई दे रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *