देहरादून। होली के पर्व पर यात्रियों को अपने घर जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने विशेष तैयारी की है। निगम ने ड्राइवर और कंडक्टर समेत अन्य कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।
27 फरवरी से 9 मार्च तक लागू रहेगी योजना
जारी आदेश के अनुसार यह प्रोत्साहन योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक, कुल 11 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी।
10 दिन लगातार ड्यूटी पर 1250 रुपये प्रोत्साहन
इस अवधि में लगातार 10 दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को 1250 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, बशर्ते वे निर्धारित औसत संचालन पूरा करें—
मैदानी मार्ग: प्रतिदिन औसत 242 किमी
मिश्रित (मैदानी-पर्वतीय) मार्ग: औसत 200 किमी
पर्वतीय मार्ग: औसत 180 किमी
11 दिन बिना अवकाश ड्यूटी पर 1500 रुपये
जो कर्मचारी बिना एक भी अवकाश लिए लगातार 11 दिन कार्य करेंगे, उन्हें 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए न्यूनतम संचालन की शर्तें तय की गई हैं—
केवल मैदानी मार्ग: न्यूनतम 2662 किमी
मिश्रित मार्ग: न्यूनतम 2200 किमी
केवल पर्वतीय मार्ग: न्यूनतम 1980 किमी
होली के दिन ड्यूटी पर अतिरिक्त लाभ
होली के दिन कार्यशाला से मार्ग पर बस लेकर जाने वाले ड्राइवर-कंडक्टर को अतिरिक्त 300 रुपये दिए जाएंगे।जिनका लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें अतिरिक्त 500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
तकनीकी व अन्य कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारी, डीजल लिपिक, समयपाल, बैग-इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, बुकिंग काउंटर कर्मचारी, एमएसटी व अन्य पास बनाने वाले कार्मिक तथा आउटसोर्स कर्मचारी—यदि एक अवकाश लेकर 10 दिन कार्य करते हैं, तो उन्हें 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि 11 दिन की अवधि में किसी कर्मचारी का साप्ताहिक अवकाश पड़ता है, तो वह अवकाश योजना समाप्त होने के बाद समायोजित किया जाएगा।
निगम के इस फैसले से होली पर यात्रियों को अतिरिक्त बस सेवा मिलने की उम्मीद है, जिससे पर्व के दौरान आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।