गैरसैंण । उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सोमवार को राज्य सरकार ने सदन में बजट पेश किया था, जबकि मंगलवार को चार अध्यादेश और 11 विधेयक सदन में रखे गए थे। आज के सत्र में बजट पर विस्तृत चर्चा के साथ-साथ इन विधेयकों को पारित किए जाने की संभावना है।
प्रश्नकाल में गरमा सकता है सदन
आज प्रश्नकाल के दौरान कई अहम मुद्दों को लेकर सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। मंगलवार को भी नियम 58 के तहत हुई चर्चा के दौरान सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला था। विपक्षी दलों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की, जिसके चलते सदन का माहौल काफी गरम रहा।
वहीं, विधानसभा के बाहर भी विपक्षी दलों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी।
ये 11 विधेयक हो सकते हैं पारित
आज सदन में जिन प्रमुख विधेयकों को पारित किए जाने की संभावना है, उनमें शामिल हैं—
उत्तराखंड कारागार और सुधारात्मक सेवाएं (संशोधन) विधेयक
उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों पर (संशोधन) विधेयक
उत्तराखंड दुकान और स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) संशोधन विधेयक
उत्तराखंड माल और सेवाकर (संशोधन) विधेयक
उत्तराखंड उत्तर प्रदेश लोक सेवा (शारीरिक रूप से विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण) संशोधन विधेयक
उत्तराखंड भाषा संस्थान (संशोधन) विधेयक
उत्तराखंड देवभूमि परिवार विधेयक
उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग (संशोधन) विधेयक
समान नागरिक संहिता उत्तराखंड (संशोधन) विधेयक
उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक
उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक
इन चार अध्यादेशों को भी मिलेगी मंजूरी
सदन में चार अध्यादेशों को भी पारित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इनमें—
उत्तराखंड दुकान और स्थापना रोजगार विनियमन और सेवा शर्त संशोधन अध्यादेश
उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों का संशोधन अध्यादेश
उत्तराखंड माल और सेवा कर संशोधन अध्यादेश
उत्तराखंड समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश
सरकार की ओर से इन अध्यादेशों को विधेयक के रूप में पारित कराने की तैयारी की गई है। ऐसे में आज का विधानसभा सत्र काफी अहम माना जा रहा है।