भराड़ीसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के चल रहे बजट सत्र की अवधि बढ़ सकती है। बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने सदन में सत्र की अवधि बढ़ाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो शनिवार को भी सत्र चलाया जा सकता है और रविवार को अवकाश रखकर सोमवार को फिर से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।
विपक्ष के हर सवाल का जवाब देंगे : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि विपक्ष की ओर से लगातार यह आरोप लगाया जा रहा है कि सरकार सदन नहीं चलाना चाहती, लेकिन यह आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष जितनी चर्चा करना चाहता है, सरकार उससे पीछे नहीं हटेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विपक्ष के एक-एक सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है और किसी भी मुद्दे पर खुलकर चर्चा की जा सकती है।
चार वर्षों में सबसे अधिक सत्र भराड़ीसैंण में
सीएम ने कहा कि पिछले चार वर्षों में भराड़ीसैंण में सबसे अधिक विधानसभा सत्र आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यहां सत्रों की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के लिए गैरसैंण पहाड़ की उम्मीद और स्वाभिमान का प्रतीक है। यही कारण है कि विधानसभा सत्र के अलावा भी सरकार कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम गैरसैंण में आयोजित कर चुकी है।
शुक्रवार तक तय है मौजूदा सत्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल विधानसभा सत्र शुक्रवार तक निर्धारित है। हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष ज्यादा चर्चा चाहता है तो शनिवार को सत्र चलाया जा सकता है, रविवार को अवकाश रहेगा और सोमवार को फिर से सदन में चर्चा जारी रखी जा सकती है।