उत्तराखंड को ‘ऑल सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ बनाने के लिए सरकार कर रही काम, बोले CM धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को पूरे वर्ष पर्यटन के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सरकार तेजी से काम कर रही है। इस दिशा में पर्यटन स्थलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्कों का सुधार, आवासीय सुविधाओं का विकास और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने के कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

सीएम धामी यह बातें रविवार को देहरादून के इंद्रानगर स्थित होटल रायल इन पैलेस में भाजपा के मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को सुनने के बाद साझा की।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम जनसंवाद का अनूठा मंच है। यह समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है। सीएम ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियां देशभर में फैलती हैं, जिससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जोर दिया कि पर्यटन और डिजिटल सेवाओं के विकास से राज्य में रोजगार और स्थानीय व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *