उत्तराखंड मौसम : भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अगले सात दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 5 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों जैसे उत्तरकाशी,चमोली,रुद्रप्रयाग,बागेश्वर,पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।31 मार्च और 3 अप्रैल को भी इन इलाकों में मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं।
1 और 2 अप्रैल को मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 अप्रैल को अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक से इंकार नहीं किया गया है।
मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही हो सकती है, जबकि कई स्थानों पर मौसम साफ बना रहेगा।
आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने 31 मार्च के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना और ओलावृष्टि के आसार हैं।
40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं
तेज हवाओं और ओलावृष्टि से कच्चे मकानों, फसलों और खुले में खड़े वाहनों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली गिरने की घटनाएं जान-माल के लिए खतरा बन सकती हैं।
लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। पशुओं को भी खुले में न बांधने की हिदायत दी गई है।
मैदानी इलाकों में बढ़ रहा तापमान
राजधानी देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगले 2-3 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में यह सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।