मसूरी। शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन दिन के लंबे वीकेंड के दौरान मसूरी और ऋषिकेश में पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने अपील की है कि पर्यटक घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी रूट प्लान अवश्य देख लें। शहर में यातायात दबाव के अनुसार प्लान-ए, प्लान-बी और प्लान-सी लागू किए जाएंगे।
मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए रूट प्लान
दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की से आने वाले वाहन
आशारोड़ी से ट्रांसपोर्ट नगर, कमला पैलेस, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट, अनारवाला और जोहड़ी गांव होते हुए मसूरी जाएंगे।
हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले वाहन (प्लान-ए)
जोगीवाला से रिंग रोड, लाडपुर, आईटी पार्क और साईं मंदिर तिराहे से मसूरी पहुंचेंगे।
प्लान-बी (दबाव बढ़ने पर)
भानियावाला से थानो रोड, महाराणा प्रताप चौक, लाडपुर और आईटी पार्क होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
वापसी रूट
कुठाल गेट, ओल्ड राजपुर रोड, आईटी पार्क, तपोवन बाईपास, नालापानी और जोगीवाला होते हुए वाहन हरिद्वार, ऋषिकेश या आईएसबीटी की ओर जा सकेंगे।
मसूरी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था
सामान्य स्थिति में ट्रैफिक किंक्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की ओर संचालित होगा। पार्किंग 70 प्रतिशत भरते ही प्लान-बी लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी पर्यटक वाहन किंक्रेग पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे और आगे की यात्रा लोकल टैक्सी से कराई जाएगी।
लंबे वीकेंड से बढ़ेगी चुनौती
शुक्रवार के अवकाश के चलते तीन दिन का लंबा वीकेंड शुरू हो रहा है। बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटकों के दून और मसूरी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक प्रबंधन पुलिस के लिए चुनौती बना रहेगा। अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को भी सड़क पर तैनात करने की तैयारी की गई है।
मुख्य स्थानों पर डायवर्जन व्यवस्था
पैसिफिक मॉल के बाहर दबाव बढ़ने पर मसूरी डायवर्जन से दिलाराम जाने वाला ट्रैफिक इंद्रबाबा मार्ग और कैनाल रोड से ग्रेट वैल्यू तिराहा होकर भेजा जाएगा।
सेन्ट्रियो मॉल पर दबाव बढ़ने पर एनेक्सी तिराहे से दिलाराम जाने वाला ट्रैफिक सीएसडी तिराहा होकर बिंदाल की ओर मोड़ा जाएगा।
ऋषिकेश के लिए ट्रैफिक प्लान
प्लान-ए (सामान्य स्थिति)
सभी वाहन अपने निर्धारित रूट से संचालित होंगे।
प्लान-बी (दबाव बढ़ने पर)
सप्तऋषि, नेपाली फार्म, भानियावाला, रानीपोखरी, नटराज चौक, ढालवाला, भद्रकाली और बाईपास रोड होते हुए तपोवन और शिवपुरी की ओर भेजा जाएगा।
प्लान-सी (अत्यधिक दबाव पर)
रानीपोखरी से गुजराड़ा रोड, नरेंद्रनगर होते हुए भद्रकाली और फिर तपोवन-शिवपुरी की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
हरिद्वार लौटने वाले वाहन
शिवपुरी से ब्रह्मपुरी, गरुड़चट्टी, पशुलोक बैराज और चीला होते हुए हरिद्वार जाएंगे।
देहरादून/ऋषिकेश शहर वापसी
शिवपुरी से तपोवन, भद्रकाली और नटराज चौक होते हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर लौटेंगे।