इस साल 8 मई से शुरू होगी आदि कैलास यात्रा, हल्द्वानी, टनकपुर और धारचूला से जाएंगे श्रद्धालु

उत्तराखंड। प्रसिद्ध आदि कैलास यात्रा इस वर्ष 8 मई से शुरू होने जा रही है। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) की ओर से आयोजित इस यात्रा को इस बार तीन स्थानों से संचालित किया जाएगा। श्रद्धालु हल्द्वानी, टनकपुर और धारचूला से यात्रा में शामिल हो सकेंगे। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह यात्रा आध्यात्मिक आस्था के साथ हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता का भी विशेष अनुभव कराती है।

केएमवीएन के महाप्रबंधक विनीत तोमर ने बताया कि पहली यात्रा 8 मई को हल्द्वानी से शुरू होगी। यह यात्रा आठ दिन की होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को पिथौरागढ़, धारचूला, ओम पर्वत और आदि कैलास के दर्शन कराए जाएंगे। वापसी के समय यात्रियों को चौकोड़ी, पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट, जागेश्वर, अल्मोड़ा, कैंची धाम और भीमताल जैसे प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों के दर्शन भी कराए जाएंगे।

टनकपुर और धारचूला से भी होगी यात्रा

दूसरी यात्रा 9 मई से टनकपुर से शुरू होगी, जिसकी अवधि छह दिन की होगी। इस मार्ग से यात्रियों को सीधे आदि कैलास तक ले जाया जाएगा। वहीं तीसरी यात्रा 10 मई से धारचूला से प्रारंभ होगी। इस वर्ष कुल 15 दलों के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा कराई जाएगी।

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा

केएमवीएन के अनुसार यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं निगम की ओर से की जाएंगी। यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु केएमवीएन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

यात्रा का किराया

आदि कैलास यात्रा के लिए अलग-अलग स्थानों से अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया गया है। हल्द्वानी से यात्रा का किराया लगभग 45 हजार रुपये रखा गया है। टनकपुर से यात्रा का शुल्क 42 हजार रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि धारचूला से यात्रा का किराया करीब 35 हजार रुपये तय किया गया है। इस शुल्क में यात्रियों के लिए आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की सुविधाएं शामिल रहेंगी।

इन स्थानों से शुरू होगी यात्रा

इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए यात्रा तीन स्थानों से शुरू की जाएगी। हल्द्वानी से 8 मई से यात्रा शुरू होगी और इसकी अवधि 8 दिन की होगी। टनकपुर से 9 मई से यात्रा शुरू होगी, जिसकी अवधि 6 दिन रहेगी। वहीं धारचूला से 10 मई से यात्रा प्रारंभ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *