देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल से एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जंगल में मिला कई दिन पुराना शव
पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि बाला सुंदरी मंदिर के अंदर जंगल की ओर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला।
प्रथम दृष्टया पुलिस का अनुमान है कि शव करीब चार से पांच दिन पुराना हो सकता है। शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और जांच के लिए नमूने भी लिए।
पहचान के लिए पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एसएसपी ने दिए जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। एसएसपी के निर्देश पर महिला की पहचान और मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है।