लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण कि हॉट सीटें पर एक नज़र ।

देहरादून । शिवम डोभाल ।  13 मई को लोकसभा के चौथे चरण का चुनाव होगा। 10 राज्यों की 96 लोकसभा सीटों पर 1717 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। इसी चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव होगा। चौथे चरण में पांच केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री, दो क्रिकेटर और एक अभिनेता समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है ।

इसी क्रम में जानते है कुछ हॉट सीटों के बारे में जहां कई दिग्गज अपनी क़िस्मत आजमायेंगे ।

बेगूसराय लोकसभा सीट

बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं। यहां से केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह के सामने बसपा ने चंदन कुमार दास और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने अवधेश कुमार राय को उतारा है। इंडी गठबंधन के तहत यह सीट सीपीआई के खाते में गई है। यहां तीन निर्दलीय समेत कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।

खीरी लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की खीरी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने समाजवादी पार्टी ने उत्कर्ष वर्मा ‘मधुर’ और बसपा ने अंशय कालरा को उतारा है। यहां दो निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

खूंटी लोकसभा सीट

झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने काली चरण मुंडा और बसपा ने सावित्री देवी को अपना प्रत्याशी बनाया है। दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

सिकंदराबाद लोकसभा सीट

हैदराबाद से सटी तेलंगाना की सिकंदराबाद लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस से दानम नागेंद्र, बसपा से बस्वानंदम दांडेपु, बीआरएस से पद्म राव टी की चुनौती है। 27 निर्दलीय समेत कुल 45 प्रत्याशी मैदान में हैं।

सिंहभूम लोकसभा सीट

झारखंड की सिंहभूम लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दरअसल, भाजपा ने उनकी पत्नी गीता कोड़ा को अपना प्रत्याशी बनाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जोबा माझी और बसपा ने परदेशी लाल मुंडा को उतारा है। पांच निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

हैदराबाद लोकसभा सीट

देश की सबसे हॉट सीटों में हैदराबाद की गिनती होती है। इस बार यहां भाजपा ने बड़ा दांव खेला है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ माधवी लता को उतारा है। कांग्रेस ने मोहम्मद वलीउल्लाह समीर, बसपा ने केएस कृष्णा और भारत राष्ट्र समिति ने श्रीनिवास यादव गड्डाम को टिकट दिया है। यहां सात निर्दलीय समेत कुल 30 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

कन्नौज लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 साल बाद चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा की टिकट पर मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक हैं। बसपा ने मुस्लिम प्रत्याशी इमरान बिन जफर पर दांव खेला है। सात निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी कन्नौज के चुनावी रण में उतरे हैं।

बहरामपुर लोकसभा सीट

पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के बड़े नेता अधीर रंजन चौधरी चुनाव मैदान में हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने क्रिकेटर यूसुफ पठान पर दांव लगाया है। भाजपा की टिकट पर निर्मल कुमार साहा उतरे हैं। बहरामपुर में बसपा ने संतोष विश्वास पर भरोसा जताया है। छह निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

कृष्णानगर लोकसभा सीट

पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर लोकसभा सीट हॉट सीट बनी हुई है। यहां से टीएमसी की टिकट पर महुआ मोइत्रा चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने राजा कृष्णचंद्र राय के परिवार की सदस्य अमृता राय को अपना प्रत्याशी बनाया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से एसएम सादी चुनाव मैदान में हैं। यहां पांच निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

बर्धमान लोकसभा सीट

क्रिकेटर कीर्ति आजाद टीएमसी की टिकट पर यहां से चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ भाजपा ने दिलीप घोष को उतारा है। बसपा की टिकट पर प्रभुनाथ साह और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से सुकृति घोषाल भी चुनावी मुकाबले में हैं। बर्धमान में दो निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

आसनसोल लोकसभा सीट

पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा टीएमसी की टिकट पर दूसरी बार मैदान में हैं। भाजपा ने एसएस अहलुवालिया को उनके खिलाफ उतारा है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से जहांआरा खान और बसपा से सन्नी कुमार साह चुनाव लड़ रहे हैं। दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

उन्नाव लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद साक्षी महराज तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। सपा ने पूर्व सांसद अन्नू टंडन और बसपा ने अशोक कुमार पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है। यहां तीन निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी चुनाव में हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *