देहरादून: देहरादून जिले के डोईवाला थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिचय का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपनी मां और भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। पड़ोस में रहने वाले एक परिवार से दोनों के बीच पहले अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। लेकिन पीड़िता की मां का आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसकी बेटी को प्रभावित करना शुरू कर दिया।
प्रेमजाल में फंसाने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि मां की गैरमौजूदगी में आरोपी युवक घर आता था और नाबालिग से मुलाकात करता था। इस दौरान उसने किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसे एक विशेष धर्म से जुड़े पहनावे, भाषा और तौर-तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। धीरे-धीरे किशोरी पर इसका असर पड़ने लगा और वह इन बातों को मानने लगी।
धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप
मां का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसकी बेटी को बहलाया-फुसलाया और उसे धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया। मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राणा के अनुसार, शिकायत के आधार पर 21 मार्च की शाम मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस मामले की जांच उपनिरीक्षक भावना को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।