पौड़ी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi गुरुवार को पौड़ी गढ़वाल से उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान राहुल गांधी अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करने के बाद पौड़ी पहुंचेंगे, जहां वह पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्साह का संचार करेंगे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी दोपहर करीब 1:45 बजे पौड़ी पहुंचेंगे और कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में पार्टी की प्रदेश प्रभारी Kumari Selja, प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन के साथ प्रशासन और पुलिस ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया गया है। नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा टीम ने भी स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
दौरे के दौरान राहुल गांधी कोटद्वार के दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक से भी मुलाकात कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक वह दीपक के जिम की सदस्यता लेने की भी योजना बना सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पौड़ी कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी का रात्रि प्रवास Mussoorie में प्रस्तावित है।
पौड़ी की धरती का कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार देश के प्रथम प्रधानमंत्री Jawaharlal Nehru ने 1938 और 1944 में पौड़ी में जनसभाएं की थीं। वहीं Indira Gandhi भी कई बार चुनावी कार्यक्रमों के लिए पौड़ी पहुंचीं। अब राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
