हल्द्वानी में अमेजन गोदाम में भीषण आग, दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। दोनों कर्मचारी घटना के समय गोदाम के भीतर सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12:50 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित शीतल होटल के सामने बने अमेजन गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका और बाद में उस पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।

 

आग बुझने के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान गोदाम के अंदर दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिले। अत्यधिक धुएं और आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गौलापार और 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

 

इस हादसे में गोदाम को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *