चार धाम यात्रा 2026: जल्दी ही शुरू होंगे यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, मंदिर परिसरों में मोबाइल-कैमरा प्रतिबंधित

चारधाम यात्रा: उत्तराखंड में आस्था और अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा मानी जाने वाली चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 6 मार्च से शुरू किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने रजिस्ट्रेशन और यात्रा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

टूरिज्म सेक्रेटरी के अनुसार, फिलहाल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कोई शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है, हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय अभी लिया जाना बाकी है।

ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की भी होगी व्यवस्था

ऑनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन यात्रा शुरू होने से कुछ दिन पहले प्रारंभ होगा। इसके लिए 20 टीमें गठित की गई हैं, जो होटलों, आश्रमों और धर्मशालाओं में जाकर समूह में आने वाले श्रद्धालुओं की बुकिंग में सहायता करेंगी।

हर वर्ष लगभग 50 लाख तीर्थयात्री चारों धामों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष सरकार को उम्मीद है कि यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।

कब खुलेंगे कपाट?

19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे।इसके बाद केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलने की तिथि बसंत पंचमी पर और केदारनाथ मंदिर की तिथि महाशिवरात्रि के दिन घोषित की जाती है।

मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरे प्रतिबंधित

इस वर्ष चार धाम के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन और कैमरों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बीते वर्षों में स्मार्टफोन और कैमरा ले जाने से दर्शन व्यवस्था में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई थी। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हाल ही में इस संबंध में जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और विभागीय अधिकारियों की बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने पर चर्चा की गई।

सरकार का लक्ष्य इस बार यात्रा को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *