रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और जनसेवा का एक सराहनीय उदाहरण रुद्रप्रयाग में देखने को मिला, जहां पुलिस ने बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात, कपड़े और जरूरी दस्तावेजों से भरा खोया हुआ बैग बरामद कर पीड़ित परिवार को सौंप दिया। बैग सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, चमोली जिले के ग्राम गौणा निवासी दलीप सिंह ने 6 जून को डायल-112 पर सूचना दी कि नगरासू के पास भोजन के लिए बस से उतरते समय उनका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती आभूषण, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। परेशानी की बात यह थी कि उन्हें बस का नंबर भी याद नहीं था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने नगरासू क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दलीप सिंह की मौजूदगी में संबंधित बस की पहचान की। इसके बाद जीएमओयू प्रबंधन से संपर्क कर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के संपर्क करने पर बस चालक ने भी सहयोग करते हुए बताया कि वह यात्रियों को ऋषिकेश छोड़ने जा रहा है और लौटते समय बैग को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द कर देगा। चालक ने अपने वादे के अनुसार बैग को सुरक्षित रखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने बैग में मौजूद सामान का सत्यापन करने के बाद उसे सकुशल दलीप सिंह को वापस सौंप दिया। बेटी की शादी के जेवरात और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित मिलने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दलीप सिंह ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।