देहरादून में धर्मांतरण प्रयास का आरोप, दो महिलाएं गिरफ्तार; मामला दर्ज

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में घर-घर जाकर कथित रूप से धर्मांतरण के प्रयास के मामले में दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वीर सावरकर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, कांवली माड़ी क्षेत्र के पास सीतापुरी निवासी बनियावाला और कांवली गांव निवासी सुमित्रा नामक दो महिलाएं पिछले चार दिनों से घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं। आरोप है कि इस दौरान हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए धन का प्रलोभन दिया जा रहा था। साथ ही नौकरी दिलाने और बच्चों को अच्छी शिक्षा का आश्वासन भी दिया जा रहा था।

सूचना मिलने पर एक स्थानीय युवक ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता (धर्मांतरण) कानून सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी महिलाएं पूर्व में अपना धर्म बदल चुकी हैं और लोगों को प्रभावित करने के लिए अपने पुराने धर्म का उल्लेख कर अन्य महिलाओं को बहकाने का प्रयास करती थीं। मामले को लेकर क्षेत्र में धर्मांतरण गिरोह के सक्रिय होने के आरोप भी लगाए गए हैं और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *