देहरादून में बेकाबू इनोवा का कहर, घर में घुसी कार, पांच को रौंदा; एक की मौत

देहरादून। देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी।

पुलिस के अनुसार, जाखन की ओर से सर्वे रोड आ रही इनोवा कार को गुनीत सिंह चला रहा था। ओल्ड सर्वे रोड पर अचानक वाहन की रफ्तार तेज हो गई और सड़क पर चल रहे करीब पांच लोग इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रोहित फिलिप ने दम तोड़ दिया, जबकि अनूप फिलिप का इलाज जारी है।

इसके अलावा एक अन्य घायल को भी गंभीर हालत में दून अस्पताल लाया गया, जहां से उसे वैश्य नर्सिंग होम रेफर किया गया। एक अन्य घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी, जिससे वहां भी नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक गुनीत सिंह को हिरासत में ले लिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी का क्रॉस मॉल में शोरूम बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *