होली को लेकर दून अस्पताल अलर्ट, इमरजेंसी में बढ़ाई गई डॉक्टरों की तैनाती

देहरादून। आगामी होली पर्व को देखते हुए दून अस्पताल की इमरजेंसी को तीन दिन के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है। मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

दून अस्पताल के एमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट ने इमरजेंसी में सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, नेत्र, त्वचा और मेडिसिन विभागों के डॉक्टरों की अतिरिक्त तैनाती के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है।

दवाइयों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित

अस्पताल प्रशासन ने संबंधित विभागाध्यक्षों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इमरजेंसी प्रभारी को दवाइयों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए पूरी टीम सतर्क रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *