उत्तराखंड में बढ़ी बिजली की मांग, मई में 6 करोड़ यूनिट पार होने की संभावना

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ बिजली की खपत में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते उपयोग के चलते उत्तराखंड में बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के अनुसार महीने की शुरुआत में जहां बिजली की मांग करीब 4 करोड़ यूनिट थी, वहीं अब यह बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है।

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि मई महीने के दौरान बिजली की मांग 6 करोड़ यूनिट का आंकड़ा भी पार कर सकती है। ऐसे में यूपीसीएल के सामने पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

हालांकि यूपीसीएल प्रबंधन का दावा है कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी घोषित बिजली कटौती नहीं की जा रही है। निगम के अनुसार वर्तमान मांग के मुकाबले लगभग 5.9 करोड़ यूनिट बिजली उपलब्ध है, जिससे सप्लाई को संतुलित बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

इसके बावजूद कई क्षेत्रों में ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है। पिछले दो दिनों में ही बिजली की मांग 5.3 करोड़ यूनिट से बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट पहुंच गई, जिससे सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *