देहरादून में किन्नरों की बधाई राशि तय, ₹5,100 से ज्यादा मांगा तो होगी कार्रवाई

देहरादून | नगर निगम देहरादून की चतुर्थ बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े 65 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। हंगामे और तीखी नोकझोंक के बीच निगम बोर्ड ने किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि की अधिकतम सीमा ₹5,100 तय करने का प्रस्ताव पारित कर दिया। तय सीमा से अधिक धनराशि मांगने पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में दिखा हंगामा

बोर्ड बैठक के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के पार्षद कई बार आमने-सामने आए। प्रस्तावों पर चर्चा कम और हंगामा ज्यादा देखने को मिला। तीखी बहस और शोर-शराबे के कारण सभी 65 प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी। अब शेष कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे से दोबारा शुरू होगी।

सफाई कर्मियों का बढ़ा मानदेय

बैठक में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मियों) का मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹800 प्रतिदिन करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। साथ ही प्रत्येक वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की घोषणा की गई।

किन्नरों की धनराशि पर लंबी चर्चा

कई पार्षदों ने किन्नरों द्वारा मनमानी धनराशि मांगने का मुद्दा उठाया। इस पर लंबी चर्चा के बाद अधिकतम ₹5,100 की सीमा तय की गई। गौरतलब है कि यह प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में भी लाया गया था, लेकिन तब मंजूरी नहीं मिल पाई थी।

मेयर ने क्या कहा?

देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि बोर्ड बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। किन्नरों की बधाई राशि की अधिकतम सीमा निर्धारित करने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया गया है। शेष प्रस्तावों पर चर्चा गुरुवार को जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *