हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, शराब की दुकान की कैंटीन में मिले बासी चने; मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बहादराबाद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने एक शराब की दुकान परिसर में संचालित कैंटीन पर छापेमारी कर बासी और दुर्गंधयुक्त चने बरामद किए। मामले को गंभीर मानते हुए कैंटीन संचालक के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने एनएच स्थित महादेव ढाबा के समीप शराब की दुकान के अंदर संचालित मैसर्स कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो एल्यूमीनियम ट्रे में रखे करीब साढ़े चार किलो उबले काले चने पाए गए, जिनसे तेज दुर्गंध आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया।

 

निरीक्षण के दौरान कैंटीन संचालक कर्मचारियों के मेडिकल और वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र, पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट तथा पेस्ट कंट्रोल से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर विभाग ने संचालक के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर कर दिया है।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है और मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन के दौरान अब तक पांच मामले न्यायालय में दर्ज कराए जा चुके हैं।

 

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में निर्मल छावनी, लोधा मंडी और अपर रोड क्षेत्र में भी निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान रेस्टोरेंट, ढाबों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों समेत कुल नौ प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करते पाए जाने पर एक कारोबारी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं और आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *