26 जनवरी से पूरे देश में कांग्रेस शुरू करेगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस पूरे देश में 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरूआत करने जा रही है, जिसको लेकर रविवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में इस अभियान को सफल बनाने के लिए बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करणमाहरा, विधायक ममता राकेश, विधायक राजेन्द्र भण्डारी समेत तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।

बैठक में शिरकत करने के बाद पूर्व सीएम हरीश रावत भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हो गए, हरीश रावत ने कहा कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के तहत पदयात्रा का कार्यक्रम जारी रहेगा। इसके अलावा हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम एक पूरक अभियान के रूप में पूरी शक्ति के साथ चलाया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के कई और भी कार्यक्रमों को इसी प्रकार जारी रखा जाएगा। ये कार्यक्रम सालभर चलेंगे।

वही इस दौरान हरीश रावत ने भारत की चीन के साथ चल रही तनातनी पर सरकार को घेरा। हरीश रावत ने कहा राहुल गांधी का कहना है कि सरकार सोई हुई क्यों है? जबकि चीन लगातार उकसाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा सीमा पर मुकाबला करने के बजाय सरकार हमसे मुकाबला करने में लगी हुई है। केन्द्र सरकार को चीन और पाकिस्तान से मुकाबला करना चाहिए और सरकार के इस कदम में हम साथ खड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *