हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य स्वास्थ्य अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है।
मुख्यमंत्री राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान की शुरुआत यह दर्शाती है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि अटल और दृढ़ संकल्प है।
सर्वाइकल कैंसर बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर देश की मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और हजारों परिवारों के लिए पीड़ा का कारण है। इसी को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है, ताकि इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
उत्तराखंड में अभियान के पहले चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक टीकाकरण व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है तथा कोल्ड चेन व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
सात बच्चियों को टीका लगाकर हुई शुरुआत
कार्यक्रम स्थल पर सात बच्चियों को टीकाकरण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति में तीनपानी निवासी हाईस्कूल की छात्रा खुशबू पंत को सबसे पहले टीका लगाया गया।
40 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले से संबंधित 40 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल पुनर्गठन योजना का शिलान्यास प्रमुख रहा।
सरकार का कहना है कि यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि राज्य में महिला सशक्तिकरण को भी नई मजबूती देगा।