हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध Neem Karoli Baba के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह आरती के साथ हो गया। मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश-विदेश से पहुंचे भक्त लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
मेले की पूर्व संध्या से ही हजारों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचने लगे थे। मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। निगरानी के लिए तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी तथा वायरलेस विभाग के अधिकारी भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब 1,500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। कैंची धाम जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचना होगा। यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है।
एसएसपी नैनीताल ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हो सके।