उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड बना दिया है। यात्रा शुरू होने के एक महीने के भीतर ही 8 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। बीती 22 अप्रैल को भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे और पहले ही दिन करीब 38 हजार भक्तों ने दर्शन किए थे। इसके बाद से लगातार यात्रियों का सैलाब केदारघाटी की ओर उमड़ रहा है।
आंकड़ों के अनुसार 23 मई तक कुल 8,11,923 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। चारधाम यात्रा में सबसे अधिक यात्री केदारनाथ पहुंचे हैं। प्रशासन का मानना है कि जून में स्कूलों की छुट्टियां शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होगी।
यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस और बदरी-केदार मंदिर समिति विशेष तैयारियों में जुटी हुई है। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि अब तक रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं और आने वाले दिनों में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। ऊंचाई, ऑक्सीजन की कमी और ठंड के कारण अब तक 39 यात्रियों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने यात्रियों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है।
बदरी-केदार मंदिर समिति को यात्रा के पहले महीने में ही लगभग 14 करोड़ 50 लाख रुपये की आय हो चुकी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर दिनभर में केवल 3 से 4 घंटे ही बंद रखा जा रहा है, बाकी समय दर्शन जारी हैं।
केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवा का भी बड़ी संख्या में उपयोग हो रहा है। अब तक 8 हेलीकॉप्टर कंपनियों की ओर से 5,362 उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं। इन उड़ानों के जरिए 30,925 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे, जबकि 30,822 यात्री वापस लौटे।
वहीं घोड़े-खच्चरों के जरिए भी बड़ी संख्या में यात्री यात्रा कर रहे हैं। इस वर्ष 7,744 घोड़े-खच्चर पंजीकृत किए गए हैं, जिनसे अब तक 2 करोड़ 44 लाख 91 हजार रुपये की आय हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा अभी लंबी है और आने वाले दिनों में आय और यात्री संख्या दोनों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी होने की संभावना है।