देहरादून : उत्तराखंड के देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नर्स ने आत्महत्या कर ली। महिला का शव उसके घर में पंखे से लटका मिला। इस मामले में एक आईटीबीपी जवान पर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी महिला पिछले चार साल से शहर में रह रही थी और एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। करीब 15 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, जबकि उसका पति बाहर नौकरी करता है।
बताया जा रहा है कि करीब 6 महीने पहले महिला की मुलाकात राजबीर नामक व्यक्ति से हुई, जो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में कार्यरत है।
ब्लैकमेल से परेशान होकर उठाया कदम
परिजनों का आरोप है कि आरोपी महिला को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन महिला ने मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया। बताया गया कि महिला देहरादून में अपने दोनों बच्चों के साथ अकेली रह रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी राजवीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने 18 मार्च को आत्महत्या की थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।