देहरादून: राजधानी के मालदेवता क्षेत्र के शेरकी गांव में रविवार रात हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
घर के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शेरकी गांव निवासी शिवांशु रविवार शाम करीब 8:45 बजे अपने घर के पास पैदल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
क्षेत्र में फैला आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन से जुड़े डंपर तेज रफ्तार से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक भारी वाहनों की आवाजाही से आम नागरिकों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में रहती है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन हालात जस के तस हैं।
पुलिस ने चालक को लिया हिरासत में
सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात जाम खुल सका।पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
सीओ रायपुर रीना राठौर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित को पकड़ते हुए डंपर को सीज कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उठे कई सवाल
यह हादसा रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने अवैध खनन और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।