देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां आज देहरादून में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं, वहीं शहर के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला। प्रधानमंत्री से सवाल पूछने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता संजय कनौजिया (कद्दू भाई), मोहन काला और नितिन चंचल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री से सवाल पूछना लोकतंत्र में उनका संवैधानिक अधिकार है, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के शासन में संवैधानिक अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सवाल पूछने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोककर गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से कई मुद्दों पर जवाब मांगा। उनका कहना है कि सरकार अंकिता भंडारी मामले पर मौन क्यों है? केदारनाथ मंदिर के 230 किलो सोने के मामले पर प्रधानमंत्री मौन क्यों हैं? उत्तराखंड 9 हिमालयी राज्यों में महिला अपराध के मामले में शीर्ष पर पहुंच गया है, इस पर प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? युवाओं के रोजगार को लेकर क्या ठोस कदम उठाए गए हैं?
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या देश के प्रधानमंत्री से सवाल पूछना गुनाह हो गया है?