सांप कठानी में फिर हाथी का कहर, लकड़ी बीनने गई महिला को कुचला

पंतनगर/लालकुआं। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज अंतर्गत सांप कठानी क्षेत्र में लकड़ी बीनने गई एक महिला पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि दो दिन के भीतर तीन लोगों की जान लेने वाला यही हाथी है।

जानकारी के अनुसार, झा कॉलोनी पंतनगर निवासी मैना देवी (66) पत्नी बाबूलाल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। दोपहर लगभग दो बजे अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। हाथी को देखते ही तीनों महिलाएं घबरा गईं।

बताया जा रहा है कि मैना देवी ने साहस दिखाते हुए अपनी दोनों साथियों से भागने को कहा, क्योंकि हाथी उनकी दिशा में बढ़ रहा था। दोनों महिलाएं खत्तों की ओर भाग गईं, जबकि मैना देवी घर की तरफ दौड़ीं। इसी दौरान हाथी ने उन्हें पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला।

गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में एक दिन पहले लालकुआं के दो व्यक्तियों को भी हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। वन विभाग को आशंका है कि वही हाथी इस घटना के लिए भी जिम्मेदार हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है तथा ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *