चारधाम यात्रा से पहले सख्ती: ज्वालापुर फल मंडी में छापेमारी, 8 नमूने जांच को भेजे

हरिद्वार: चारधाम यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और दुकानों पर लगातार छापेमारी कर मिलावट और अधिक कीमत वसूली पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ज्वालापुर के सराय रोड स्थित फल और सब्जी मंडी में सघन जांच अभियान चलाया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि कार्रवाई भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर की गई।

फलों की गुणवत्ता की जांच, 8 नमूने सील

उपायुक्त खाद्य सुरक्षा (गढ़वाल मंडल) आरएस रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने मंडी में थोक और फुटकर विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। तरबूज, खरबूज, आम और केले सहित विभिन्न फलों की गुणवत्ता जांची गई।

एथलीन गैस और एथलीन पाउच से पकाए जा रहे फलों के कुल 8 नमूने जांच के लिए एकत्र कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं।

केमिकल के उपयोग के प्रमाण नहीं

प्रारंभिक जांच में कैल्शियम कार्बाइड या कृत्रिम रंगों के उपयोग के प्रमाण नहीं मिले। हालांकि, राइपेनिंग गैस चैंबरों के निरीक्षण के दौरान एथलीन गैस और पाउच बनाने वाली कुछ कंपनियों द्वारा लेबलिंग मानकों के उल्लंघन के मामले सामने आए। संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *