नैनीताल में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार, 2 पर्यटकों की मौत, 2 गंभीर घायल

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां उन्नाव से घूमने आए चार पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्नाव के पीतांबर नगर निवासी अंकित चौधरी अपने साथियों अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ कार संख्या यूपी 78 एसजे 4936 से जागेश्वर धाम की ओर जा रहे थे। हल्द्वानी से आगे बढ़ते हुए जैसे ही उनकी कार गेठिया क्षेत्र में पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *