देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 मई को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक कई स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव का असर खासतौर पर पर्वतीय इलाकों में देखने को मिलेगा, जहां तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के बाद प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।