उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, 15 से 20 अप्रैल तक बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड मौसम अपडेट: मौसम विभाग ने 15 अप्रैल की रात से एक नया लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिसकी वजह से इस पूरे हफ्ते उत्तराखंड का मौसम प्रभावित रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान और बर्फबारी भी हो सकती है।

विभाग के अनुमान के अनुसार 15 अप्रैल को सभी जिलों का मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 16 से 19 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी 20 अप्रैल तक जारी रह सकती है।

कपाट खुलने पर बर्फबारी का असर

मौसम में आए इस बदलाव से जहां बीते कुछ दिनों की गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं यह स्थिति चारधाम यात्रा की तैयारियों के लिए चुनौती भी बन सकती है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलने वाले हैं। प्रशासन पहले से ही केदारनाथ में लगभग चार फीट जमी बर्फ और यमुनोत्री में हाल की बर्फबारी से निपट रहा है। ताजा बर्फबारी से रास्तों की सफाई और तीर्थयात्रियों के लिए ट्रैकिंग मार्ग तैयार करने का काम और धीमा हो सकता है।

20 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम

15 अप्रैल (बुधवार): सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना।

16 अप्रैल (गुरुवार): उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या 3800 मीटर से ऊपर बर्फबारी। अन्य जिलों में शुष्क मौसम।

17 अप्रैल (शुक्रवार): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी। अन्य जिलों में शुष्क मौसम।

18 अप्रैल (शनिवार): इन्हीं 5 जिलों में हल्की वर्षा व बर्फबारी की संभावना, बाकी जिलों में मौसम शुष्क।

19 अप्रैल (रविवार): पांच जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा व बर्फबारी, अन्य जिलों में शुष्क मौसम।

20 अप्रैल (सोमवार): उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की से हल्की वर्षा और बर्फबारी, अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार

पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बारिश और बर्फबारी की संभावना है, वहीं मैदानी इलाकों हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अगले 4–5 दिनों तक तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है। देहरादून में 14 अप्रैल को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, हालांकि 17 अप्रैल को संभावित बारिश के बाद इसमें थोड़ी गिरावट आ सकती है।

तापमान का हाल

बीते दिन राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में यह सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से काफी कम और पहाड़ी क्षेत्रों में थोड़ा कम रहा।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस पंतनगर (ऊधम सिंह नगर) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में दर्ज हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *