देहरादून: सेलाकुई क्षेत्र में हुए बहुचर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कोशिशों को झटका लगा है। फरार आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की नेपाल में तलाश के लिए शुरू की गई ब्लू कॉर्नर नोटिस प्रक्रिया पर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने तीन आपत्तियां दर्ज की हैं।
CBI ने मांगा विस्तृत विवरण
सीबीआई ने भारत पोल पोर्टल के माध्यम से आरोपी की व्यक्तिगत आपराधिक भूमिका का लगभग 1600 शब्दों में विस्तृत विवरण मांगा है। इसके अलावा घटना के समय, पंजीकरण और आरोपी की मंशा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी तलब की गई है।
क्या है पूरा मामला
नौ दिसंबर 2025 को सेलाकुई क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर छह लोगों ने हमला कर दिया था। इस हमले में एंजेल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी गर्दन के पास गंभीर चोट की पुष्टि की थी।
इलाज के दौरान हुई मौत
शुरुआत में पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन 26 दिसंबर को इलाज के दौरान एंजेल चकमा की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया।
मुख्य आरोपी नेपाल फरार
घटना के बाद पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी गई। हालांकि, हत्याकांड का मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पुलिस को चकमा देकर नेपाल फरार हो गया, जिसकी तलाश अब तक जारी है।
तीन महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं
घटना को करीब तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी को पकड़ नहीं सकी है। मामले को इंटरपोल के माध्यम से आगे बढ़ाने की प्रक्रिया भी कागजी औपचारिकताओं के चलते धीमी बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई द्वारा उठाई गई आपत्तियों के जवाब तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही भारत पोल पोर्टल पर सभी जरूरी जानकारी अपलोड की जाएगी।
सीओ प्रेमनगर विवेक कुटियाल के मुताबिक, जांच को तेज करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।