आर्यन छात्र संगठन ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ के आंदोलन को दिया समर्थन

देहरादून। आर्यन छात्र संगठन ने गांधी पार्क में बेरोजगार नौजवानों पर पुलिस बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा की है। आर्यन छात्र संगठन के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह बर्तवाल ने कहा कि भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार का विरोध करना इतना नागवार गुजरा कि निहत्थे बेरोजगारों पर लाठियां भांज दी।

उन्होंने कहा कि ऐसा मालूम पड़ता है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को कुचल देना चाहती है। पहले तो भर्ती धांधली की जांच की मांग कर रहे नौजवानों को रात के अंधेरे में पुलिस का इस्तेमाल कर हिरासत में लिया गया। उससे भी जब मन नहीं भरा तो भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले नौजवानों की आवाज को लाठी के दम आवाज कुचलने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 22 साल के इतिहास में आज तक ऐसा कोई उदाहरण नहीं देखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक भी भर्ती को ईमानदारी और शुचिता से नहीं करवा पाई है। यह एक तरह से सरकार की कदाचरण के प्रति स्वीकारोक्ति है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने दायित्व का निर्वहन करने में पूरी तरह नाकाम रही है। भाजपा सरकार प्रदेश के नौजवानों का पूरी तरीके से भरोसा खो चुकी है।

प्रदेश प्रवक्ता शक्ति बर्तवाल ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली, घोटालों की सीबीआई जांच ही एकमात्र रास्ता रह गया है। सरकार तुरंत प्रदेश में हुई सभी भर्ती धांधलियों की जांच सीबीआई से कराएं। उन्होंने कहा कि नौजवानों के साथ हो रहे अन्याय का आर्यन छात्र संगठन कड़े शब्दों में निंदा करता है और बेरोजगार युवाओं के आंदोलन का पुरजोर समर्थन करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *