उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में लगातार पड़ रही गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देर शाम बदरीनाथ धाम में बारिश के साथ बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई जिलों में बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई थी।
मौसम निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी जनपदों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। वहीं चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।