मसूरी-देहरादून मार्ग पर दूसरा बैली ब्रिज शुरू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

देहरादून। मसूरी-देहरादून मार्ग पर कुठालगेट शिव मंदिर के निकट बनाए गए दूसरे अस्थायी बैली ब्रिज का शुक्रवार देर रात कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। निरीक्षण के बाद पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन सीजन में मसूरी-देहरादून मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। स्थायी पुल के निर्माण तक राहत देने के उद्देश्य से इस अस्थायी बैली ब्रिज का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर बेहतर उदाहरण पेश किया गया है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार जनता की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि ब्रिज के संचालन से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *