उत्तराखंड मौसम अपडेट। उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। पिछले कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में बादल छाने और पहाड़ों में कोहरे के चलते बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नतीजतन दूसरे ही सप्ताह में तापमान ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
देहरादून में सामान्य से 8 डिग्री अधिक तापमान
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 8 डिग्री अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री ज्यादा है।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बढ़ा पारा
पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
13 मार्च को भी मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर बने रहेंगे।
मौसम विभाग का कहना है कि 17 मार्च तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी
जहां एक ओर मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर गुरुवार को अच्छी बर्फबारी हुई। दो दिन पहले भी धाम में बर्फ गिरी थी।
गुरुवार सुबह से जिले में मौसम बदला हुआ था। हालांकि निचले क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बदरीनाथ की ऊंची चोटियां बर्फ से सफेद हो गईं। बर्फबारी के बाद धाम का मौसम खुशनुमा हो गया है, हालांकि ठंड में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।