उत्तराखंड मौसम अपडेट। देश के अन्य हिस्सों की तरह अब उत्तराखंड में भी गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। प्रदेशभर में तीखी धूप और लू जैसी हवाओं से लोग परेशान हैं। मैदानी इलाकों के साथ रविवार को पहाड़ों में भी तपिश महसूस की गई। मौसम विभाग ने मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। गर्मी को देखते हुए देहरादून में कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल महीने में यह अब तक का दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2009 में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
रुड़की और हरिद्वार में लगातार दूसरे दिन पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और बाजारों में भी भीड़ कम रही। पंतनगर में तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मुक्तेश्वर में 28.5 डिग्री (सामान्य से 4.5 अधिक), टिहरी में 28.5 डिग्री और पिथौरागढ़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कुमाऊं मंडल में भी गर्मी का असर दिखा। रुद्रपुर में तापमान लगातार दूसरे दिन 40 डिग्री के पार रहा। नैनीताल में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा। पंतनगर में 39.8 और रुद्रपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में शनिवार को बारिश से कुछ राहत मिली थी, लेकिन रविवार को फिर गर्मी बढ़ गई।
देहरादून में हीटवेव के अलर्ट के मद्देनजर डीएम सविन बंसल ने कक्षा 12 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। साथ ही स्कूलों और अस्पतालों को बचाव संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश तथा 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।