हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में देर रात एक कांवड़िए को गोली मारने की घटना से हड़कंप मच गया। कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम कर रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अजय निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था। रविवार देर रात यात्रा के दौरान उनका दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे रात्रि विश्राम के लिए रुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांति बनाए रखने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद वे युवक पुल से नीचे आए और कांवड़ियों के समूह के पास पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अचानक अजय पर हमला कर दिया और उसके सीने पर बंदूक सटाकर गोली चला दी। हालांकि गोली सीने की बजाय कंधे में लगी, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कांवड़ियों ने मदद के लिए शोर मचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
गोलीकांड की सूचना मिलने के बाद कनखल थाना पुलिस, सीओ सिटी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पांच से छह हमलावर अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हुए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
जानकारी के मुताबिक, अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस गौसेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।
घटना के बाद स्थानीय गौसेवकों और सामाजिक संगठनों में भी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कनखल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।