राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा देहरादून पहुंचकर अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की स्वयं निगरानी कर रही हैं।

 

राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। यह कंट्रोल रूम राहुल गांधी के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी कार्यक्रमों पर नजर रखेगा और कार्यक्रमों से जुड़ी सूचनाओं का समन्वय करेगा।

 

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम के माध्यम से राहुल गांधी के कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए प्रभारी और सदस्यों की नियुक्ति भी की गई है, जो दौरे के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं और समन्वय का कार्य संभालेंगे।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को समन्वय के साथ काम करना होगा।

 

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने अल्मोड़ा में प्रस्तावित जनसभा, पौड़ी के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन और देहरादून में होने वाले जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा बेहद महत्वपूर्ण है और यह राज्य की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे हैं और जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उनका यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।

 

कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस दौरे से प्रदेश में कांग्रेस को नई राजनीतिक ताकत मिलेगी और कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों में और अधिक सक्रिय होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *