देहरादून में होली के दिन युवती से छेड़खानी, विरोध पर पूरे परिवार पर हमला,मुकदमा दर्ज

देहरादून : राजधानी देहरादून में अराजक घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के राजीव नगर में होली की शाम एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें दो युवकों ने रंग लगाने के बहाने एक युवती के साथ छेड़खानी की। युवती और उसके दोस्त ने विरोध किया, तो आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। बाद में आरोपी अपने मोहल्ले से भीड़ बुलाकर पूरे परिवार पर हमला करने पहुंचे।

घटना की पूरी जानकारी:

पीड़िता के अनुसार, वह होली खेलने के बाद स्कूटी पर बैठी थी। तभी दो युवकों ने रंग लगाने की जिद की। मना करने पर उन्होंने छेड़खानी शुरू कर दी। युवती के दोस्त ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों युवक गेट के भीतर घुस गए।

इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। आरोपियों ने अपने मोहल्ले के लोगों को बुलाया और बड़ी संख्या में घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह से रिकॉर्ड हो गई, जिसमें आवाज सहित मारपीट की हर गतिविधि कैद है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, उग्र भीड़ ने उनके साथ भी अभद्रता की। इस दौरान परिवार के कुछ सदस्य और मित्रों ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने कानून को ताक पर रखकर मारपीट जारी रखी।

पीड़ितों की कार्रवाई:

घटना के बाद पीड़ित परिवार और उनके परिचितों ने मेडिकल करवाया। साथ ही, पुलिस को तहरीर दी। पीड़ितों ने बताया कि घटना से उन्हें मानसिक और शारीरिक दोनों तरह का नुकसान हुआ है।

पुलिस की प्रतिक्रिया और प्रशासनिक कदम:

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने घटना का संज्ञान लिया और थानाध्यक्ष संजीत कुमार को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने भी मौके पर स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि पीड़ितों की सुरक्षा और अपराधियों की पहचान के लिए टीम गठित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *