देहरादून : देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ही अपनी पत्नी का कातिल निकला। आरोप है कि पति ने सो रही पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार 4 मार्च को सलमान आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी अपर बाजार रुद्रप्रयाग ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।
तहरीर में बताया गया कि 3 मार्च 2026 को ससुराल पक्ष के लोग कहकशा आलम को महंत इंद्रेश अस्पताल मृत अवस्था में लेकर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि कहकशा की हत्या उसके पति शहवाज आलम और उसके परिवार वालों ने मिलकर की है। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा संख्या 77/26 धारा 80(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
चूंकि मृतका की शादी को मात्र चार महीने ही हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 5 मार्च 2026 को मृतका के पति शहवाज आलम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका विवाह उसकी मर्जी के खिलाफ कराया गया था। उसके अनुसार उसकी पत्नी कम पढ़ी-लिखी थी, लेकिन परिवार की इज्जत के कारण उसने शादी कर ली। आरोपी ने यह भी बताया कि शादी में कम दहेज मिलने के कारण उसका और उसके परिवार का व्यवहार कहकशा के प्रति बदल गया था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। उसका इरादा था कि पत्नी की हत्या करने के बाद वह किसी पढ़ी-लिखी महिला से दूसरी शादी करेगा और अधिक दहेज प्राप्त करेगा।
इसी योजना के तहत 3 मार्च की रात उसने घर में सो रही कहकशा का कंबल से मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी और कहकशा को महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने कहकशा के मायके वालों को भी यह बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। उसकी योजना थी कि सभी को यह विश्वास दिला दिया जाए कि बीमारी के कारण उसकी मौत हुई है।
हालांकि अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी सी-36 रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और उसकी उम्र 29 वर्ष बताई जा रही है।