चारधाम यात्रा 2026: ऑनलाइन पंजीकरण आज से शुरू, 17 अप्रैल से शुरू होगी ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए चारधाम यात्रा का ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। पर्यटन विभाग ने इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। सुबह 7 बजे से श्रद्धालु वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। यात्रा के तहत 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालु छह मार्च से पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in और मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

भारतीय श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए आधार कार्ड का उपयोग करना होगा, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके अलावा, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। इसके लिए ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे।

पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 0135-1364 भी जारी किया है, जिस पर चौबीसों घंटे जानकारी और सहायता उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *