भराड़ीसैंण बजट सत्र को लेकर रूट डायवर्जन, 9 से 13 मार्च तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

गैरसैंण: भराड़ीसैंण में 9 से 13 मार्च तक प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किया है। सत्र के दौरान क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, वीआईपी व्यक्तियों, अधिकारियों और आम लोगों की आवाजाही को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है।

एसपी चमोली सुरजीत सिंह ने बताया कि बजट सत्र के दौरान भराड़ीसैंण और गैरसैंण क्षेत्र में यातायात सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कई विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसी के तहत गैरसैंण-भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था 9 मार्च से 13 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान गैरसैंण से भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र के बीच किसी भी भारी मालवाहक वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस प्रशासन ने गढ़वाल से कुमाऊं की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है। ऐसे वाहन कर्णप्रयाग–सिमली–ग्वालदम मार्ग का उपयोग करेंगे।

वहीं, जिन लोगों को गैरसैंण क्षेत्र में सामान पहुंचाना है, उन्हें अपने मालवाहक वाहन रात 8 बजे के बाद ही क्षेत्र में लाने की अनुमति दी जाएगी। पुलिस ने आम लोगों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी रूट प्लान का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *