सितारगंज में शर्मनाक मामला: सौतेले पिता पर दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

सितारगंज (उधम सिंह नगर): उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती ने अपने ही सौतेले पिता पर दुष्कर्म, छेड़छाड़ और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मां की मौत के बाद बदली नीयत

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2010 में उसके सगे पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां ने नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद परिवार सितारगंज के एक गांव में रहने लगा।

वर्ष 2019 में उसकी मां की अचानक मौत हो गई, जिसके बाद से सौतेले पिता का व्यवहार बदल गया और उसने युवती पर गलत नजर रखनी शुरू कर दी।

दुष्कर्म का आरोप, नहाते समय बनाया वीडियो

पीड़िता का आरोप है कि सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने नहाते समय उसका वीडियो भी बना लिया। आरोपी ने इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती को लंबे समय तक डराया और चुप रहने के लिए मजबूर किया।

शादी के बाद भी पीछा नहीं छोड़ा

पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2021 में उसने उत्तर प्रदेश निवासी युवक से शादी कर ली थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। उसने ससुराल में फोन कर युवती को वापस घर बुलाया और इस दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की।

पीड़िता ने यह बात अपने पति को बताई, लेकिन 11 जनवरी को उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने एक बार फिर उसके साथ अभद्र और शर्मनाक हरकतें शुरू कर दीं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *