केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरिद्वार दौरे पर, प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन, जानिए कितने बजे पहुंचेंगे उत्तराखंड

हरिद्वार।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार के दौरे पर रहेंगे। वह करीब सवा चार घंटे शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वैरागी द्वीप में नूतन न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, जनसभा को संबोधन और पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे।

गृह मंत्री के दौरे को लेकर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की टीमें दिनभर तैयारियों में जुटी रहीं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

तय कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री दोपहर 12:15 बजे जॉली ग्रांट हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां से 12:30 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए गुरुकुल कांगरी हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 12:40 बजे वह वैरागी द्वीप स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के तहत दोपहर 1:55 बजे तक वह वैरागी कैंप में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 2:00 बजे से 2:30 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है।

इसके बाद 2:30 बजे से 3:00 बजे तक वैरागी कैंप में नूतन न्याय संहिता पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। वहीं 3:00 बजे से 3:30 बजे के बीच उत्तराखंड सरकार की विकास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रमों के बाद गृह मंत्री 3:30 बजे वैरागी कैंप से प्रस्थान कर 3:40 बजे एक निजी होटल पहुंचेंगे, जहां वह पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 4:45 बजे वह जॉली ग्रांट हवाई अड्डा के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *