मौसम अपडेट। उत्तराखंड में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छा गए हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों के साथ कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी तेज तूफान चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवा चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने, तेज बारिश और ओलावृष्टि होने का भी अनुमान जताया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं शनिवार को तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक के साथ 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः छह और चार डिग्री अधिक रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी लगभग यही स्थिति देखने को मिली।